देश के सर्वांगीण विकास की सुदृढ़ कड़ी है व्यापारी वर्ग – सुभाष गोयल
देश के सर्वांगीण विकास की सुदृढ़ कड़ी है व्यापारी वर्ग – सुभाष गोयल
देश के सर्वांगीण विकास की सुदृढ़ कड़ी है व्यापारी वर्ग – सुभाष गोयल
सीकर।
सीकर व्यापार महासंघ रजिस्टर्ड द्वारा आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में सीकर व्यापार को मजबूती प्रदान करने जयपुर से पधारे राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि देश के सर्वांगीण विकास में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को बढ़ावा देने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाने से देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी की उपस्थिति में समस्त व्यापारियों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ भी दिलाई तथा युवाओं को व्यापार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में सीकर व्यापार महासंघ रजिस्टर्ड के जिलाध्यक्ष अरूण भूकर ने सभी मंचासीन अतिथियों का व्यापार महासंघ का दुपट्टा व राजस्थानी साफा ओढ़ाकर तथा सालासर बालाजी की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने महासंघ के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय रूघजी चौधरी को स्मरण करते हुए कहा कि उनके विचार और कार्य आज भी संगठन को प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष पोर्टल की शुरुआत की गई थी, जिसका उद्देश्य सीकर बाजार की समस्याओं पर व्यापारियों को एक मंच पर लाकर सामूहिक प्रयास करना है। महासंघ की थीम “संगठित व्यापार, समृद्ध सीकर” के अंतर्गत इस पोर्टल से हजारों व्यापारियों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि अगले चरण में इस पोर्टल को प्रशासनिक विभागों से जोड़कर व्यापारियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने वर्तमान ऑनलाइन युग में पारंपरिक व्यापारियों के सामने आ रही चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि कई व्यापारी मुख्यधारा से पीछे छूट रहे हैं। इस समस्या के समाधान के लिए भी पोर्टल के माध्यम से ठोस प्रयास किए जाएंगे, ताकि स्थानीय बाजार की वस्तुएं दूर-दराज के गांवों और कस्बों तक आसानी से पहुंच सकें। उन्होंने विश्वास दिलाया कि ग्रामीण अंचल तक व्यापार की प्रगति के लिए महासंघ निरंतर प्रयास करता रहेगा।
मंचस्थ अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार स्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन व्यापारियों और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है तथा हर संभव सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। उन्होंने आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
भारतीय किसान संघ यूनियन के जिलाध्यक्ष रामचंद्र सुंडा ने किसानों की वर्तमान परिस्थितियों और कृषि से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए किसान एकता पर जोर दिया। इतिहासकार महावीर पुरोहित ने शेखावाटी क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला तथा युवाओं को अपने इतिहास से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। रिटायर्ड डीईओ राकेश लाटा ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठन की भूमिका को समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
शिवदयाल सिंह मील और आमेन्द्र सिंह खीचड़ ने व्यापारिक उत्पादों की पहचान, उनकी गुणवत्ता बनाए रखने तथा बाजार में विश्वसनीयता बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजेन्द्र मधुकर ने किया। अंत में मातृशक्ति के मधुर गीतों के साथ फूलों की होली खेली गई।
इस अवसर पर शेरसिंह सुंडा, सुभाष मिश्रा,प्रमोद काबरा, प्रदीप तिवारी, इम्तियाज गौरी, त्रिलोक चंद सोनी, केशव अग्रवाल, संजय कुमावत,एडवोकेट पुरुषोत्तम शर्मा, मदन भामू, जसवीर भूकर, हीराराम मील, कृष्णा शर्मा, संदीप ओला, दीपचंद नायक, महावीर जांगिड, लालचंद जांगिड, रंगलाल खिचड़, बनवारीलाल सैनी, विजेंद्र मीणा, रणजीत सैन, गोसेविका, ज्योति तनवानी, सरिता पेशवानी, संगीता मोदी, अलका माथुर सहित अनेक मातृशक्ति सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
Comments are closed.