सीकर व्यापार जगत को अपूरणीय क्षति: सीकर व्यापार संघ के संस्थापक राधेश्याम पारीक का निधन

सीकर व्यापार जगत को अपूरणीय क्षति: सीकर व्यापार संघ के संस्थापक राधेश्याम पारीक का निधन

सीकर व्यापार जगत को अपूरणीय क्षति: सीकर व्यापार संघ के संस्थापक राधेश्याम पारीक का निधन

सीकर

सीकर व्यापार जगत एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद समाचार है कि सीकर व्यापार संघ के संस्थापक एवं वरिष्ठ समाजसेवी राधेश्याम पारीक का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे पिछले कई महीनों से कैंसर से पीड़ित थे और सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

राधेश्याम पारीक ने अपने जीवन को समाज सेवा, व्यापारिक हितों की रक्षा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया था। वे सीकर व्यापार संघ के संस्थापक होने के साथ-साथ सीकर उपभोक्ता संरक्षण समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने वर्षों तक उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा तथा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके अतिरिक्त वे सीकर के सुभाष चौक स्थित नवदुर्गा पूजा समिति के लगातार 25 वर्षों तक समन्वयक रहे तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भागीदारी रही। शहर के विभिन्न मंदिरों और सामाजिक संगठनों से भी उनका गहरा जुड़ाव था।

राधेश्याम जी पारीक ने सदैव “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की भावना के साथ कार्य करते हुए व्यापारिक वर्ग के हितों की रक्षा की तथा समाज के शोषित, पीड़ित और कमजोर वर्गों की आवाज बनकर संघर्ष किया। उनके निधन से व्यापारिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

सीकर व्यापार संघ के अध्यक्ष दयाल सिंह शेखावत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राधेश्याम जी पारीक के निधन की सूचना मिलते ही पूरे व्यापार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उन्होंने कहा कि पारीक जी का जीवन समाज सेवा, संगठन निर्माण और जनहित के कार्यों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

शेखावत ने बताया कि सीकर व्यापार संघ की ओर से शीघ्र ही उनके सम्मान में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। साथ ही संघ उनके बताए आदर्शों और मार्ग पर चलते हुए जनता के बीच सक्रिय रहकर परोपकार एवं जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।

इस अवसर पर सीकर व्यापार संघ के महामंत्री कैलाश स्वामी, मुख्य संरक्षक ईश्वर सिंह राठौड़, सुरेंद्र त्रिहन, काशी प्रसाद माऊका, अंगद तिवारी, गणेश सोनी सहित संघ के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Comments are closed.