मुस्कुराते चेहरों और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ विदा हुए दिव्यांग, निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का समापन
चार दिवसीय शिविर में 102 दिव्यांग हुए लाभान्वित, 53 को कृत्रिम पैर, 25 को कैलीपर और 22 को लगाए गए कृत्रिम हाथ
मुस्कुराते चेहरों और बढ़े हुए आत्मविश्वास के साथ विदा हुए दिव्यांग, निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का समापन
चार दिवसीय शिविर में 102 दिव्यांग हुए लाभान्वित, 53 को कृत्रिम पैर, 25 को कैलीपर और 22 को लगाए गए कृत्रिम हाथ
सीकर
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से आयोजित निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का समापन हो गया। 5 से 8 अक्टूबर तक आयोजित चार दिवसीय शिविर में 102 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध करवाकर उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। शिविर से लाभान्वित दिव्यांगजन जब कृत्रिम अंगों के सहारे चलने-फिरने और अपने अनुभव साझा करने के लिए सामने आए, तो सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। उनके चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास और नई उम्मीद की मुस्कान दिखाई दी।
सायंकाल होटल रॉयल इन में आयोजित समापन समारोह में लायंस इंटरनेशनल प्रांत 3233E-1 के प्रांतपाल एमजेएफ लायन डॉ. आशुतोष वशिष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अलवर से पधारे स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के डीजीएम अजय कुमार गुप्ता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में चीफ एरिया लीडर शेखावाटी एमजेएफ लायन डॉ. संपत्ति मिश्रा, रीजन चेयरपर्सन लायन मनोज अग्रवाल, जोन चेयरपर्सन लायन विनोद दाधीच, प्रिंस अस्पताल के चेयरमैन डॉ. पीयूष सुंडा तथा एसबीआई सीकर के एजीएम राकेश चौहान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा परम पूज्य गणपति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। लायंस क्लब क्राउन के अध्यक्ष लायन डॉ. रामरतन ने सभा प्रारंभ करने की घोषणा की, जबकि लायंस क्लब सीकर सनराइज के अध्यक्ष लायन सुगनचंद कुमावत ने अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में सहयोग देने के लिए कोलकाता से आए डॉ. प्रभाकर एवं उनकी टीम का शॉल, माला और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। लायन अंजू अग्रवाल ने विश्व शांति प्रार्थना प्रस्तुत की।
प्रोजेक्ट चेयरपर्सन एमजेएफ लायन डॉ. यूसुफ अली देवड़ा ने शिविर की रूपरेखा और कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों के अंगों का माप लेकर मौके पर ही उनकी आवश्यकतानुसार कृत्रिम हाथ-पैर तैयार कर लगाए गए। इससे लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुरूप उपकरण उपलब्ध करवाने में मदद मिली।
चीफ एरिया लीडर शेखावाटी एमजेएफ लायन डॉ. संपत्ति मिश्रा ने बताया कि यह शिविर महावीर सेवा सदन कोलकाता, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया फाउंडेशन एवं म्यूचुअल फंड, लायंस क्लब सीकर सनराइज, प्रिंस अस्पताल और लायंस क्लब सीकर क्राउन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को जयपुर फुट, कैलीपर और कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना था। 5 से 8 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चले शिविर में कुल 150 दिव्यांगजनों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 102 लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में 53 दिव्यांगजनों को कृत्रिम पैर, 25 को कैलीपर तथा 22 को कृत्रिम हाथ लगाए गए। इसके अतिरिक्त कुछ लाभार्थियों की जन्मजात शारीरिक विकृतियों, जैसे फ्लैट फुट आदि, के उपचार की व्यवस्था भी की गई। इस प्रकार शिविर ने दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाने के साथ उनके दैनिक जीवन को अधिक सहज बनाने का प्रयास किया।
समारोह में रीजन चेयरपर्सन लायन मनोज अग्रवाल और जोन चेयरपर्सन लायन विनोद दाधीच ने सेवा सप्ताह के दौरान रीजन के विभिन्न क्लबों की भागीदारी और आपसी सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा के ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।
मुख्य अतिथि एमजेएफ लायन डॉ. आशुतोष वशिष्ठ ने इस आयोजन को शानदार सेवा प्रोजेक्ट का रूप देने के लिए डॉ. संपत्ति मिश्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र में लगातार तीन ऐसे शिविरों का आयोजन एक विशिष्ट उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने डॉ. मिश्रा को बधाई दी। साथ ही शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लायंस क्लब सीकर सनराइज और लायंस क्लब सीकर क्राउन के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब आया, जब शिविर से लाभान्वित दिव्यांगजनों ने कृत्रिम अंगों के सहारे चलकर और उनका उपयोग कर डेमो दिया। लाभार्थियों ने अपने अनुभवों के माध्यम से संतुष्टि व्यक्त की, जिसके बाद पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास देखकर उपस्थित लोगों ने इस सेवा कार्य की सराहना की। शिविर ने यह संदेश दिया कि उचित सहायता, सहयोग और अवसर मिलने पर दिव्यांगजन भी आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रोजेक्ट चेयरपर्सन लायन डॉ. एन.डी. मिश्रा ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। लायन मोहम्मद सलीम ने मंच संचालन किया।
समारोह में जोन चेयरपर्सन लायन नरेश प्रधान, सीए रविंद्र शर्मा, डॉ. जे.पी. गोयल, लायंस क्लब सीकर के अध्यक्ष लायन के.के. अग्रवाल, सचिव लायन मोहम्मद सलीम, लायंस क्लब प्राइड की अध्यक्ष लायन गुड्डी अग्रवाल, लायंस क्लब सुरभि की अध्यक्ष लायन मधु आर्य, लायन सुनीता अग्रवाल, लायन विमला सर्राफ, लायन सुरेंद्र, लायन मुकेश सैनी, सुशीला आर. शर्मा, लायन अरुणा कुमावत, रीना त्रेहन, इंद्रा यादव, लायन पत्तीश पंजाबी, लायन विश्वनाथ अग्रवाल और लायन अशोक शर्मा सहित अनेक लायन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चार दिवसीय शिविर का समापन दिव्यांगजनों के चेहरों पर मुस्कान और मन में आत्मविश्वास जगाने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों की यह पहल दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुई।
Comments are closed.