आमजन को देंगे मलेरिया के लक्षण, बचाव व उपचार की जानकारी, जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान

ड्राइवन टू एंड मलेरिया नाउ वी केन, नाउ वी मस्ट थीम पर होगी गतिविधियां

सीकर

स्वास्थ्य विभाग की ओर से विश्व मलेरिया दिवस 25 अप्रैल को मनाया जाएगा। अभियान के तहत व्यापक जन जागरूकता गतिविधियां की जाएगी। इसमें लोगों को मलेरिया के प्रति जागरूक कर प्रदेश से मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस साल 2026 में मलेरिया की थीम ड्राइवन टू एंड मलेरिया नाउ वी केन, नाउ वी मस्ट है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया कि दिवस पर जिला स्तर, ब्लॉक स्तर, उप जिला अस्पताल, जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, यूपीएचसी, सब सेंटर, स्कूल, कॉलेज व गांव स्तर पर गतिविधियां की जाएगी। इस संबंध में सभी प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों व बीसीएमओ को निर्देश दिए गए हैं।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि विश्व मलेरिया दिवस पर 25 अप्रैल को आमजन को मलेरिया रोग, उसके कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रत्येक रविवार को सूखा दिवस मनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा और शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफार्म जैसे फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम, पर मलेरिया से बचाव, उपचार, व लक्षण के बारे में संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक संदेश पहुंच सके।

आईईसी गतिविधयां भी होगी आयोजित

उन्होंने बताया कि जन समुदाय को जागरूक करने के लिए जिलेभर में आईईसी गतिविधियां आयोजित की जाएगी। इसके तहत पोस्टर प्रदर्शनी, नारा लेखन, पम्पलेट वितरण, सार्वजनिक स्थानों पर प्रचार प्रसार किया जाएगा। संस्थानों की ओपीडी में आने वाले रोगियों और उनके परिजनों को आईईसी कॉर्नर के माध्यम से मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ब्लॉक स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों में विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर मलेरिया नियंत्रण गतिविधियों को गति देने पर चर्चा की जाएगी।

Comments are closed.