निराश्रित गोवंश हटाने को नगर परिषद सीकर का विशेष अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

निराश्रित गोवंश हटाने को नगर परिषद सीकर का विशेष अभियान, यातायात व्यवस्था सुधारने पर जोर

सीकर

शहर में बढ़ती निराश्रित गोवंश की समस्या एवं उससे प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद सीकर द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर रोक लगाना, आमजन को राहत प्रदान करना तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुरक्षित बनाना है।

नगर परिषद सीकर के वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा के निर्देशन में परिषद की टीम द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं विभिन्न वार्डों में लगातार कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को सुरक्षित रूप से पकड़कर गौशालाओं एवं निर्धारित स्थलों पर भेजा जा रहा है, ताकि आमजन को परेशानी से राहत मिल सके।

वरिष्ठ आयुक्त शशिकांत शर्मा ने बताया कि कई बार पशु मालिक अपने पशुओं को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं एवं जाम जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ऐसे पशु मालिकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें। नियमों की अवहेलना करने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने आमजन से भी अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने में नगर परिषद का सहयोग करें तथा निराश्रित गोवंश की सूचना परिषद को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनाई जा सकती है।

नगर परिषद द्वारा यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि शहरवासियों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Comments are closed.