लोक सेवा दिवस समारोह

लोक सेवा दिवस समारोह

लोक सेवा दिवस समारोह
लोक सेवक समन्वय और टीम वर्क से समस्याओं का करें समाधान
केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का जरूरतमंद तक पहुंचाएं लाभ
सतत प्रयासों और मॉनिटरिंग से राजस्थान 25 योजनाओं में अग्रणी
– मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा
– श्री शर्मा ने नवाचारों और श्रेष्ठ कार्यों के लिए 9 लोक सेवकों को किया सम्मानित

सीकर

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने लोक सेवकों से उत्कृष्टता, करुणा और नवाचार के साथ कर्तव्य के उच्च मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया है। इसलिए लोक सेवक जरूरतमंदों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दें तथा केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ भी उन्हें पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की आर्थिक उन्नति को मजबूत बनाने के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

श्री शर्मा बुधवार को लोक सेवा दिवस (21 अप्रेल) के उपलक्ष्य पर एचसीएम रीपा में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने एक ऐसे प्रशासन की कल्पना की थी, जो राष्ट्र की एकता और अखंडता का रक्षक हो। इसी कड़ी में लोक सेवक बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेशवासियों की सेवा को लेकर स्पष्ट सोच और लक्ष्य रखती है। वहीं, अंत्योदय ही हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने मिशन कर्मयोगी की शुरुआत की है। इस मिशन के माध्यम से सभी लोक सेवक प्रशिक्षण प्राप्त कर लोक कल्याणकारी शासन में अपना बेहतर योगदान दे रहे हैं। लोक सेवकों के सतत प्रयासों और निरंतर मॉनिटरिंग से प्रदेश 11 योजनाओं में देश में प्रथम स्थान पर, 5 योजनाओं में द्वितीय स्थान पर और 9 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है।

श्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान के युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ था। पिछले कुछ वर्षों में परीक्षाओं के पेपर लीक होना नासूर बन गया था, लेकिन हमारी सरकार ने सबसे पहले एसआईटी गठित करके कठोर कार्रवाई की, इसलिए हमारे कार्यकाल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। वहीं, अपराधियों और माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाने की कार्रवाई भी हो रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम विरासत और विकास को साथ लेकर चलते हैं। राजस्थान में एक्सप्रेस हाईवे, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, सोलर पार्क के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। राइजिंग राजस्थान का आयोजन कर विभिन्न क्षेत्रों में निवेश के एमओयू किए, जिससे अब प्रदेश में निवेशक आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी व ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हमारी सरकार मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान चला रही है। इससे वोकल फॉर लोकल को भी मजबूती मिलेगी।

श्री शर्मा ने कहा कि लोक सेवक समन्वय और टीम वर्क की भावना से कुपोषण और अशिक्षा जैसी अनेकों समस्याओं के समाधान के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर ऐसा विकसित राजस्थान बनाना है, जहां किसान अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता एवं हर बेटी सुरक्षित और सशक्त बनेे एवं युवाओं के हाथ में कौशल और रोजगार के अवसर हों। उन्होंने कहा कि यह सपना लोक सेवकों की कड़ी मेहनत से पूरा होगा।

लोक सेवकों को मिला मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार

समारोह में मुख्यमंत्री ने शासन श्रेणी में सुश्री आरती डोगरा, श्री सिद्धार्थ महाजन, फ्लेगशिप योजना श्रेणी में डॉ. खुशाल यादव, श्री रोहिताश्व सिंह तोमर, श्री राजीव तोमर, नवाचार श्रेणी में श्री कृष्ण कुणाल, श्रीमती गायत्री ए. राठौड़, श्री नकाते शिवप्रसाद मदन एवं श्री पी. बालामुरूगन को मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान इन लोक सेवकों के श्रेष्ठ कार्यों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।

इससे पहले श्री शर्मा ने लोक सेवा दिवस से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही, सभी जिलों से लोक सेवक भी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समारोह से जुड़े।

Comments are closed.