जनगणना संचालन निदेशक राजस्थान का सीकर दौरा, जनगणना अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

जनगणना संचालन निदेशक राजस्थान का सीकर दौरा, जनगणना अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

सीकर

जनगणना संचालन निदेशक, राजस्थान विष्णु चरण मलिक ने शनिवार को सीकर जिले के दौरे के दौरान जनगणना-2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकान गणना) के तहत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित
बैठक में उन्होंने जिला स्तरीय जनगणना अधिकारियों के साथ जिले में संचालित जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रहित का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है तथा इससे प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं एवं विकास कार्यों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक कार्मिक को पूर्ण जिम्मेदारी एवं समर्पण भाव से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान जिले का कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही, फील्ड में कार्यरत कार्मिकों को भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप से बचाव रखने एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी।

जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत जिले में कुल 4,888 मकान सूचीकरण ब्लॉकों के गठन, फील्ड ट्रेनर, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा उनके प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक स्व-गणना के तहत 42,589 परिवारों द्वारा जानकारी दर्ज की जा चुकी है। साथ ही, स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए जिला कलेक्टर के निर्देशन में किए गए नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि 50 से अधिक परिवारों की स्व-गणना कराने वाले विद्यार्थियों को “जनगणना मित्र” के रूप में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जा रहा है।
निदेशक जनगणना विष्णु चरण मल्लिक ने जिले में अब तक किए गए स्व-गणना कार्य एवं जनगणना संबंधी गतिविधियों के लिए जिला प्रशासन एवं जिला जनगणना टीम की सराहना की। इस दौरान 50 या उससे अधिक परिवारों की स्व-गणना कराने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

निदेशक जनगणना विष्णु चरण मलिक एवं जिला कलक्टर आशीष मोदी द्वारा प्रगणक रणजीत, राप्रावि भगोवा तथा रामस्वरूप, राउमावि कानड़ा की ढाणी को आवंटित ब्लॉकों में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया।

बैठक में जिला कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी आशीष मोदी ने सीकर जिले में स्वगणना के संबंध में प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं प्रगति की जानकारी दी।

इस दौरान उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शर्मा, उपखंड अधिकारी सीकर निखिल कुमार पोद्दार, आयुक्त नगर परिषद शशिकांत शर्मा, सहायक निदेशक जनसंपर्क पूरणमल,भागीरथ मल यादव, तहसीलदार भीमसिंह सैनी, जिला जनगणना सेल से सांख्यिकी अधिकारी सोमेश कुमार शर्मा, सरजीत सिंह मावलियां, नरसीलाल यादव, जिला जनगणना समन्वयक नेहा चौधरी, एमटी रमेश शर्मा एवं रवि जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Comments are closed.