माधव स्कूल बचाओ महापंचायत पर जताई आपत्ति, एसपी को दिया ज्ञापन

माधव स्कूल बचाओ महापंचायत पर जताई आपत्ति, एसपी को दिया ज्ञापन

सीकर

श्री कल्याण जी मंदिर, सीकर के महंत एवं प्रबंधक धर्मगुरू महंत विष्णु प्रसाद शर्मा द्वारा पुलिस अधीक्षक सीकर को ज्ञापन सौंपकर 15 मई 2026 को प्रस्तावित “माधव स्कूल बचाओ महापंचायत” पर गंभीर आपत्ति जताई गई तथा इसे कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द के लिए संभावित खतरा बताया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि विवादित माधव स्कूल परिसर का मामला लगभग 30 वर्षों तक विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन रहा, जिसके बाद माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मंदिर पक्ष के पक्ष में अंतिम आदेश पारित किए गए और विधिवत प्रक्रिया के तहत संपत्ति का कब्जा मंदिर पक्ष को सौंप दिया गया। इसके बावजूद कुछ व्यक्तियों एवं संगठनों द्वारा सोशल मीडिया, पोस्टर एवं सार्वजनिक अपीलों के माध्यम से लोगों को भड़काकर “महापंचायत” के नाम पर भीड़ एकत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
धर्मगुरु महंत विष्णु प्रसाद शर्मा ने ज्ञापन में आशंका जताई कि उक्त कार्यक्रम की आड़ में असामाजिक तत्व मंदिर परिसर, मंदिर संपत्ति एवं आसपास के क्षेत्रों में तनाव, अवैध प्रवेश, तोड़फोड़ अथवा कानून व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मंदिर परिसर, “कल्याण धाम”, विद्यालय क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में किसी भी प्रकार की सभा, महापंचायत, धरना, प्रदर्शन अथवा जुलूस आयोजित नहीं होने दिया जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए।
ज्ञापन के दौरान गौ संत चंद्रमा दास जी महाराज पालवास, परासर नाथ जी महाराज तबेला बालाजी गोपीनाथ जी मंदिर के महंत सुरेंद्र देव गोस्वामी जी, जानकी नारायण मंदिर के महंत लक्ष्मणाचार्य जी महाराज , बोलता बालाजी मंदिर के महंत सुनील तिवाड़ी, छोटा तालाब बालाजी मंदिर के महंत सुभाष जी शर्मा, विप्र सेना सीकर जिलाध्यक्ष सुरेश पारीक, एडवोकेट अंगद तिवाड़ी एवं सोनू पारीक सहित अनेक संत, धर्माचार्य एवं समाजजन उपस्थित रहे।
संत समाज एवं विप्र सेना से जुड़े पदाधिकारियों ने प्रशासन से न्यायालयीय आदेशों की गरिमा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ माहौल को रोकने हेतु प्रभावी कार्रवाई की मांग की है

Comments are closed.